भक्ति, श्रद्धा और शक्ति की आराधना का पावन पर्व चैत्र नवरात्र बृहस्पतिवार से पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गया है। सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शहर के काली भवानी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना विधि-विधान से की जा रही है। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। बताया जाता है कि काली भवानी मंदिर का इतिहास लगभग 5000 वर्ष पुराना है। इसका संबंध त्रेतायुग से जोड़ा जाता है मान्यता है कि इसकी स्थापना महाराजा दिलीप ने कराई थी। इस प्राचीन मंदिर की धार्मिक मान्यता के चलते नवरात्र में यहां विशेष आस्था देखने को मिलती है।