गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गांव में बृहस्पतिवार तड़के 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। रामापुर गांव निवासी घिर्राऊ शर्मा का 18 वर्षीय पुत्र प्रिंस शर्मा बुधवार देर शाम कुछ लोगों के साथ घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे उन्हीं लोगों ने परिजनों को सूचना दी कि प्रिंस का सड़क हादसा हो गया है। परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रिंस का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार मृतक के सिर, पैर और पीठ पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इन चोटों के आधार पर परिजनों ने हादसे की कहानी पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और उसके साथ घर से निकले लोगों समेत घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।