फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: सरयू का जलस्तर घटने से प्रभावित परिवारों का पलायन जारी, घरों को अपनी चपेट में लिया

सरयू नदी का जलस्तर रविवार को कुछ घटने से दत्तनगर और साकीपुर के बाड़ी माझा क्षेत्र में कटान फिलहाल थम गई है। हालांकि पिछले दस दिनों से जारी कटान ने सैकड़ों बीघा कृषि भूमि, दर्जनों रिहायशी छप्परों और एक पक्के मकान को अपनी चपेट में ले लिया है। आधा दर्जन से अधिक परिवार सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर चुके हैं। दत्तनगर निवासी फूलचंद ने बताया कि कटान में उनका खेत और छप्पर बह गया, जिसके बाद परिवार को ऊंचे स्थान पर शरण लेनी पड़ी। दयाशंकर यादव भी घर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं। वहीं ननके और राम सजीवन के घर अब कटान के मुहाने पर पहुंच गए हैं। राम सजीवन अपना छप्पर और घरेलू सामान हटाते मिले। उन्होंने बताया कि खेत कट चुका है और अब परिवार पलायन की तैयारी कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से कोई भी प्रशासनिक अधिकारी हालचाल लेने नहीं पहुंचा। उधर, साकीपुर का चहलावा मजरा चारों ओर से पानी से घिरा हुआ है। यहां अब तक सरकारी नाव उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे लोग निजी नावों के सहारे आवागमन कर रहे हैं। कई स्थानों पर मासूम बच्चों द्वारा नाव चलाए जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। लेखपाल ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि तहसील प्रशासन को नाव उपलब्ध कराने की सूचना भेज दी गई है और सोमवार तक नाव पहुंचने की उम्मीद है। जल संसाधन विभाग के रविवार सुबह आठ बजे के आंकड़ों के अनुसार एल्गिन ब्रिज पर सरयू का जलस्तर 105.940 मीटर दर्ज किया गया, जो डेंजर लेवल से 0.13 मीटर नीचे है। अयोध्या में नदी का जलस्तर घटने की प्रवृत्ति दर्ज की गई, जबकि कुल जल प्रवाह 2,56,943 क्यूसेक रहा। बाढ़ राहत के लिए ‘SHERP’ बचाव वाहन का होगा शुभारंभ गोंडा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए सर्व-भूभागीय बचाव वाहन JSW SHERP SMV 1200 का शुभारंभ सोमवार 27 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे ऐली परसौली बाढ़ केंद्र पर किया जाएगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ विधायक प्रेमनारायण पांडेय और विधायक प्रतीक भूषण सिंह हरी झंडी दिखाकर वाहन को बाढ़ राहत सेवा के लिए रवाना करेंगे। जल, दलदल और कीचड़ जैसे कठिन इलाकों में भी संचालित होने में सक्षम यह विशेष वाहन प्रशिक्षित दल के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहेगा, ताकि उन बस्तियों तक राहत पहुंचाई जा सके जहां सामान्य नाव या वाहन नहीं पहुंच पाते। वाहन का संपूर्ण व्यय आर्चा एडवेंचर आर्केड प्राइवेट लिमिटेड वहन करेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें