गोंडा। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। जिलेभर में त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और अधिकारियों की तैनाती रही। शहर के पटेलनगर स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण ईदगाह परिसर में जगह कम पड़ गई, जिसके चलते कई लोगों ने ईदगाह की छत पर चढ़कर नमाज अदा की। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी। ईद की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शहर की मुख्य ईदगाह में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, सदर एसडीएम जितेंद्र गौतम और क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय मौजूद रहे।