बिजली विभाग में कर्मचारियों की छंटनी समेत कई मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे संविदा बिजली कर्मी दूसरे दिन बुधवार को भी काम पर नहीं लौटे। जिससे बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी रही। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन निविदा व संविदा कर्मचारी संघ के मध्यांचल अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने दावा किया कि कर्मियों की हड़ताल से जिले में करीब तीन लाख आबादी को दिक्कतें हो रही हैं। जो फाल्ट आ रहे हैं वह दूर नहीं हो पा रहे। उन्होंने कहा कि 72 घंटे कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संविदा कर्मियों के आंदोलन को सपा का भी समर्थन मिला है। बुधवार को अधीक्षण अभियंता बिजली के कार्यालय पर चल रहे धरने में सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, सूरज सिंह सहित कई नेता पहुंचे। कर्मियों को संबोधित किया।