जहर खाने के बाद उमरीबेगमगंज के लिलोईखुर्द गांव निवासी मिंटू तिवारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में एक वीडियो सामने आया है। जहर खाने से पहले बनाए गए वीडियो में मिंटू तिवारी ने थाने पर रसोइया का काम करने वाले भवानी शरण मिश्र पर गंभीर आरोप लगाया है। उसने पुलिस की मदद से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मिंटू की मां ने पुलिस पर बेटे की पिटाई समेत कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एएसपी राधेश्याम राय ने बताया कि मामला सामने आने के बाद सीओ से जांच कराई गई। इसमें यह तथ्य प्रकाश में आया कि 23 मई को 1090 पर एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मिंटू पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी। 26 मई को भवानी शरण मिश्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मिंटू ने रास्ते में रोककर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। जान से मारने की धमकी दी। इस पर दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया। निरोधात्मक कार्रवाई की गई। एएसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के लिए मिंटू ने वीडियो बनाकर जहर खाया है। उसका इलाज चल रहा है।