गोंडा में एक बार फिर से आंधी व बारिश से आपूर्ति ठप हो गई है। बुधवार को आंधी व बारिश के बाद कटरा दुबहा मार्ग पर हाईटेंशन लाइन पर पेड गिर गया। इसी इलाके के छप्पर तल्ला व सेहरिया कला चौराहे पर खंभा टूट कर नीचे गिर गया। इसी तरह से कटरा थाने के पास आकाशीय बिजली से पेड की डाल टूटकर अचानक गिर गई। गौरा चौकी के बभनान रोड तरौनी के पास सड़क पर आम का पेड़ गिर गया। इटियाथोक क्षेत्र के आपूर्ति बाधित हो गई। नवाबगंज के गिर्द गांव महजन पुरवा में नीम का पेड ऊखड़कर चारदीवारी पर जा गिरा। तरबगंज नगर पंचायत के भयापुरवा में रज्जन की एसयूवी पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुई है। इसी तरह से आर्यनगर व खरगूपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि आंधी व बारिश के बाद पेट्रोलिंग कराई जा रही है। जहां आंशिक तौर पर नुकसान हुआ है वहां तत्काल लाइन दुरुस्त कराके आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जेई व एसडीओ समेत अधिकारी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं।