अक्षय नवमी शुक्ल पक्ष के अवसर पर गुरुवार को शांति मनोरम झालीधाम आश्रम से पारंपरिक परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालु आश्रम के चारों ओर लगभग पांच किलोमीटर की परिक्रमा कर रहे हैं। खरगूपुर से करीब तीन किलोमीटर पश्चिम स्थित इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर अक्षय नवमी के मौके पर मेला और परिक्रमा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें आसपास के क्षेत्रों के अलावा बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिलों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालु भगवान श्रीराम, माता सीता की आराधना कर रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, प्रकाश, पार्किंग और पेयजल की समुचित व्यवस्था की है। चाक-चौबंद सुरक्षा: परिक्रमा कार्यक्रम के मुख्य सेवादार भाजपा जिलामहामंत्री आशीष त्रिपाठी ने बताया कि परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की पूरी व्यवस्था की गई है। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर, मुख्य द्वार और परिक्रमा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, उपनिरीक्षक एवं महिला-पुरुष आरक्षियों की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया जा सके।