गोंडा शहर के प्रमुख रास्ते ताल-तलैया बन गए। दुकान, कार्यालय और घरों में गंदा पानी भर गया। नालों की सफाई का दावा करने वाले नगर पालिका का दफ्तर बच्चों के लिए स्वीमिंग पूल बन गया। यह नजारा सोमवार को देवीपाटन मंडल के मुख्यालय का रहा। 50 मिनट तक हुई बारिश ने नगर पालिका के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। सोमवार को दोपहर बाद काले बादल छा गए। थोड़ी देर बाद झमाझम बारिश शुरु हो गई। करीब 50 मिनट में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे शहर की प्रमुख सड़कें व मोहल्ले जलमग्न हो गए। एलबीएस चौराहे से कचहरी को जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे होकर लोग आने जाने को विवश दिखे। यही नहीं, पालिका के दफ्तर के साथ ही चौक, पटेलनगर व बड़गांव में रास्तों पर पानी भरा होने के कारण लोगों को काफी समस्या हुई। मेडिकल कॉलेज परिसर में क्षेत्रीय निदान केंद्र, टीबी क्लीनिक, डायलिसिस यूनिट सहित अन्य विभागों में जलभराव की समस्या है। आवास विकास कालोनी से होते हुए लक्ष्मणपुरी कॉलोनी के रास्ते से सरकुलर रोड को निकलने वाले मार्ग पर जलभराव ने लोगों की समस्या बढ़ा दी।