गोंडा जिले में 3740 राशन कार्ड निरस्त किए जाने के मामले की जांच अब तेज हो गई है। शिकायतों के बाद प्रदेश के नौ जिलों से आए अधिकारियों की जांच टीम बुधवार को गोंडा पहुंची। टीम ने खाद्य उपायुक्त कार्यालय में संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जानकारी ली और निरस्तीकरण से जुड़े अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान टीम ने राशन कार्ड निरस्तीकरण की प्रक्रिया, सत्यापन रिपोर्ट और विभागीय रिकॉर्ड का बारीकी से परीक्षण किया। अधिकारियों से यह भी पूछा गया कि किन आधारों पर कार्ड निरस्त किए गए और क्या पूरी प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनाई गई।