गोंडा शहर के मालवीय नगर स्थित कृपाल आश्रम में रविवार को सावन कृपाल रुहानी मिशन की ओर से मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 340 मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मुफ्त में उपचार किया गया। सभी मरीजों को जरूरी जांच व दवाएं भी मुफ्त में वितरित की गईं। आश्रम में दोपहर 12 बजे के बाद मरीजों की भीड़ उमड़ने लगी। मेडिकल कॉलेज के आर्थो सर्जन डॉ. अरुण मिश्र, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव, ईएनटी सर्जन डॉ. परमानंद राय, फिजीशियन डॉ. निशांत पांडेय, बालरोग विशेषज्ञ मोहम्मद सईद, जनरल सर्जन डॉ. आशीष शुक्ला, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रुति गुप्ता, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अजहर मुस्तफा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उम्मे खदीजा ने मरीजों का उपचार किया। शिविर के आयोजन में मिशन के अध्यक्ष कैलाश रायतानी, सचिव सोनू रायतानी, मंडलीय प्रभारी अजय रायतानी, ऋषभ रायतानी आदि लोग मौजूद रहे।