यूपी के गोंडा निवासी पार्सल कारोबारी के बेटे और मित्र, उसकी पत्नी और बेटे की मध्य प्रदेश में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि कारोबारी, उसकी पत्नी, बेटी की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिली तो परिवार के लोग मौके के लिए रवाना हो गए। मामला धानेपुर क्षेत्र के दूबेपुरवा गांव का है। गांव निवासी राजकरन ने बताया कि उनके बड़े भाई भोलानाथ दूबे गुजरात के सूरत में रहकर पार्सल का कारोबार करते हैं। भतीजी की शादी में उनका परिवार आया था। बुधवार को वह परिवार के साथ सूरत जाने के लिए घर से एसयूवी कार से निकले थे। रास्ते में तरबगंज के शीशव भवानीपुरवा अपने मित्र रमेश उर्फ रामबाबू पांडेय के घर रुके। वहां से उनके परिवार को भी साथ लेकर सूरत के लिए रवाना हुए। बृहस्पतिवार की तड़के मध्य प्रदेश में राजगढ़ हाईवे पर पचोरी के पास कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे में भतीजे अनमोल उर्फ आयुष (16), रामबाबू की बहन शिवदेवी (50), पत्नी प्रमिला (40), बेटे प्रियांशु (14) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई भोलानाथ (50), भाभी पुष्टम (46), भतीजी अंशिका (13) गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को मध्य प्रदेश के शाजापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलने पर परिवार के लोग मौके के लिए रवाना हुए हैं।