कोहरे का सितम शुरू हो गया है। शुक्रवार की सुबह से पूरे जिले में छाए भीषण कोहरे की वजह से दृश्यता 20 मीटर से भी कम हो गई। कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। यही नहीं, ट्रेनों के परिचालन पर भी इसका असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों का तापमान और गिर सकता है। शीतलहर चल रही है जिसके कारण गलन वाली सर्दी बढ़ गई है। जनवरी के पहले सप्ताह में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घर के बाहर अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। शाम करीब चार बजे के बाद गलन बढ़नी शुरू हो गई। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में दुबक गए। चौक-चौराहों के साथ, मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड के पास जल रहे अलाव के पास लोगों की भीड़ जुटी रही।