गोंडा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बदली छा गई और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। अचानक बढ़ी सर्दी के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और अलाव का सहारा लेते दिखे। मौसम के इस बदलाव का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। कोहरे के चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।