गोंडा में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष अजय मिश्र की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कथित मोदी–ट्रंप ट्रेड डील का विरोध जताते हुए उसकी प्रतियां जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह ट्रेड डील देशहित के खिलाफ है, इससे स्थानीय व्यापारियों व किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से समझौते की शर्तों को सार्वजनिक करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और पोस्टर थे। एक पोस्टर में प्रधानमंत्री को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के सामने झुका हुआ दर्शाया गया था, जिसे लेकर भी चर्चा रही। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की गरिमा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सरकार इस समझौते पर पुनर्विचार करे। इस दौरान डॉ. राजकुमार सिंह, पंकज श्रीवास्तव, मंजू देवी, दिग्गज पांडेय, रिजवान नियाजी, शुभम शुक्ल आदि मौजूद रहे।