गाजीपुर जिले के जहूराबाद के पास घेराबंदी करके एक पिकअप पर लादकर तस्करी के लिए बिहार जा रहे सात मवेशियों को पुलिस ने बरामद किया। इसमें तीन मवेशियों की दम घुटने से मौत हो गई थी। साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सचिन सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार पांडेय पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुबह करीब आठ बजे जहूराबाद के पास घेरा बंदी करते हुए पिकअप पकड़ लिया। तलाशी लेने पर सात मवेशी बरामद हुए, जिसमें तीन मवेशी मृत थे। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्कर मऊ जनपद के हलधरपुर थाना के नसीराबाद खुर्द निवासी जमीर व बलिया जनपद के भीमपुरा थाना के किड़िहरापुर निवासी दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है।