गाजीपुर में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिला। इस दौरान नन्दगंज चीनी और बड़ौरा काटन मिल को चालू करने, अनियमित विद्युत आपूर्ति, जर्जर तारों को बदलने, शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत करने आदि जनपदवासियों की तमाम बुनियादी जरूरतों और जनसमस्याओं को लेकर 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से वार्ता करते हुए कहा कि अगर इन समस्याओं का निस्तारण तत्काल नहीं किया जाता है तो पार्टी जनांदोलन को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। जनता की बुनियादी जरूरतों से इस सरकार का कुछ भी लेना-देना नहीं है। यह सरकार केवल देश के कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है। बेतहाशा महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था के चलते देश की आम जनता परेशान है। भाजपा की बुलडोजर संस्कृति से प्रदेश की जनता खौफ में है। यह सरकार मनमाने और गैर संवैधानिक फैसले ले रही है।