बिरनो थाना क्षेत्र के मर्दानपुर लक्ष्मण गांव में मंगलवार की देर रात अचानक तबीयत खराब होने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित चार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन के साथ विधिक कार्रवाई में जुट गई। नगसर हाल्ट थाना के गोहदा गांव निवासी वंदना सिंह (28) का विवाह 28 मई 2023 को मर्दानपुर लक्ष्मण गांव निवासी विकास सिंह के साथ हुई थी। दोनों के बीच सात का पुत्र भी है। मृतका के भाई नीतिश सिंह ने बताया कि बीते 11 नवंबर को बहन से मां की बात हुई थी। जबकि 12 नवंबर को पूरे दिन बहन से बात नहीं हो पाई थी। इधर रात में अचानक ससुरालियों का फोन आया कि वंदना की तबीयत अचानक खराब हो गई है, उसे उपचार के लिए मऊ लेकर जा रहे हैं। कुछ देर बाद ही फिर फोन आया कि वंदना की मौत हो गई। आरोप लगाया कि शादी में काफी खर्च हुआ था। ससुरालीजन बहन वंदना को दहेज के लिए बार- बार प्रताड़ित करते थे। इसकी जानकारी बहन देती थी। इधर पुत्री का शव पिता दिनेंद्रनाथ सिंह और परिजन रोने- बिलखने लगे। आस-पास के लोग मायके पक्ष के लोगों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे। थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई नीतिश सिंह ने विवाहिता के पति सहित चार के खिलाफ तहरीर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।