जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 72वीं पुण्यतिथि भाजपा के छावनी लाइन स्थित जिला कार्यालय पर बलिदान दिवस के रूप में संगोष्ठी आयोजित कर सोमवार को मनाई गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि वाराणसी दक्षिणी के भाजपा विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि डा. मुखर्जी का देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए दिया गया बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद से ही कांग्रेस ने देश और देशवासियों को हमेशा छलने का काम किया।