पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को थाना बिरनो परिसर में प्रस्तावित प्रशासनिक एवं आवासीय भवन के निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन और शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए कार्यक्रम में भवन के शांतिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की कामना की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नए भवन के निर्माण से थाना स्तर पर पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा। साथ ही जनसुनवाई के लिए आने वाले नागरिकों और पीड़ित महिलाओं के बैठने सहित अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने के बाद पुलिस कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और प्रभावी होगी तथा आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि, थाना प्रभारी बिरनो, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।