गहमर कोतवाली के सोझवा घाट के सामने गंगा में बुधवार को एक युवती का शव उतराया मिला। युवती दो दिन पूर्व लापता हो गई थी। वहीं, युवती का चप्पल पंचमुखी घाट पर मिला था। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई थी। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गहमर गांव के टिकाराय पट्टी निवासी बब्बन गुप्ता की पुत्री मुस्कान गुप्ता (19) बीते 26 जनवरी से घर से लापता थी। परिजनों द्वारा गहमर कोतवाली में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया था कि युवती का हवाई चप्पल पंचमुखी घाट पर मिला है। इसके बाद से परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे थे। पुलिस गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई थी। सुबह कुछ लोगों ने गंगा नदी में एक युवती का शव उतराने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी शिनाख्त मुस्कान गुप्ता के रूप में की। परिवार के सदस्यों के रोने- बिलखने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की घटना स्थल पर भीड़ लग गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल मामले की छानबीन में पुलिस टीम जुटी हुई है।