सुभासपा के जखनिया विधायक बेदी राम ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत को देखा। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण में मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं व दवाओं को लेकर जानकारी ली। मरीजों की ओर से बाहर से दवा खरीदने की शिकायत सुनकर विधायक भड़क उठे। नाराज विधायक ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. जोगेंद्र यादव को फटकार लगाते हुए कहा कि जब सरकार वेतन और संसाधन मुहैया करा रही है, तो मरीजों को मुफ्त व गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए। दूसरी तरफ सीएचसी प्रभारी ने विधायक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने व वस्तुओं को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।