राजकीय महिला पीजी कॉलेज में वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के तहत खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन सोमवार को हुआ। कबड्डी प्रतियोगिता में स्नातक प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष एवं परास्नातक की संयुक्त रूप से कुल चार टीमों ने अपनी कैप्टन क्रमशः सुजाता बिंद, सलोनी यादव, श्वेता बिंद, नेहा यादव के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। बीए प्रथम वर्ष की टीम आसानी से बीए द्वितीय वर्ष को 28-9 से हराकर विजेता बनी। जबकि परास्नातक टीम को 25-14 से हराकर बीए तृतीय वर्ष की टीम तीसरे स्थान पर रही। कबड्डी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. राजेश कुमार यादव एवं डॉ. संगीता मौर्य शामिल रहीं। इसी प्रकार खो-खो में कुल 5 टीम शामिल थी। एमए अंतिम वर्ष की नेहा यादव की टीम ने सुजाता बिंद के नेतृत्व वाली बीए तृतीय वर्ष की टीम को 13-10 से पराजित कर पहला स्थान प्राप्त किया। जास्मिन के नेतृत्व में बीए, बीएससी प्रथम वर्ष की संयुक्त टीम बीए द्वितीय वर्ष की सोनाली यादव की टीम को 13-12 से हराकर तृतीय स्थान पर रही। खो-खो प्रतियोगिता के निर्णायकों में डॉ. मनीष सोनकर एवं डॉ. सर्वेश सिंह शामिल थे। इससे पहले आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. शंभूशरण प्रसाद ने प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी का खिलाड़ियों एवं टीमों से परिचय कराया। इस अवसर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अधिक संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।