फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में नगरपालिका मार्ग जर्जर हाल में है। टूटी हुई सड़क राहगीरों को दर्द दे रही हैं। दरअसल यह मार्ग पहले लोक निर्माण विभाग के अधीन था। तभी से यह मार्ग जर्जर हालत में है। लगभग एक वर्ष पहले इस मार्ग को नगरपालिका के अधीन किया गया है। अब यह मार्ग अपने पुनर्निर्माण की राह देख रहा है। नगरपालिका के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने ही काफी बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिनको अब मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। लेकिन कुछ आगे यह मार्ग आज भी जर्जर हालत में है। गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चालकों को आवागमन के दौरान हादसे का डर बना रहता है। पालिका अध्यक्ष रानी गुप्ता ने बताया कि इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इस मार्ग का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।