फिरोजाबाद के टूंडला में माघ मेले और आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर हाई अलर्ट के बीच सोमवार को तेजस राजधानी, पटना राजधानी और कालिंदी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही टूंडला स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। ट्रेनों को सघन चेकिंग के साथ गुजारा गया। ट्रेनों में बम की खबर मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को तत्काल अलर्ट किया गया। संयुक्त टीमों ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे और प्लेटफार्मों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। टूंडला से गुजरने वाली ट्रेनों के कोचों में जवानों ने यात्रियों के सामान की बारीकी से तलाशी ली। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। रेलवे ने माघ मेला और 26 जनवरी को देखते हुए पहले ही सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट महेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों में गश्त बढ़ा दी गई है। जीआरपी प्रभारी मोनू आर्य ने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और चेकिंग अभियान जारी है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।