फिरोजाबाद जिले के टूंडला में बाइकर्स गैंग सक्रिय हो गया है। बुधवार दोपहर फिरोजाबाद सर्विस लेन पर नकाबपोश तीन बाइकर्स बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों से दिनदहाड़े 95 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फिरोजाबाद की ओर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। आगरा के थाना कागारौल अंतर्गत गांव रिठौरी निवासी अरविंद चौधरी व आगरा के कागारौल निवासी अरमान खान टूंडला के वैशालीपुरम काॅलोनी स्थिति क्रेडिट एक्सिस ग्रामीण फाइनेंस कंपनी में कैशियर के पद पर तैनात हैं। दोनों कर्मचारी प्रतिदिन की भांति दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से सुभाष चौराहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक में कैश जमा करने जा रहे थे। कॉलोनी ने निकलकर जैसे ही उनकी बाइक फिरोजाबाद सर्विस लेन पर उद्योग केंद्र के पास पहुंची, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक के रुकते ही बदमाशों ने कर्मचारियों के पास मौजूद रुपयों से भरा बैग झपट लिया। इस बीच कर्मचारियों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज रफ्तार बाइक से फिरोजाबाद की ओर भाग निकले। बैग में 95,000 रुपये की नकदी थी। दिनदहाड़े हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें बदमाश घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।