फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र के नगला बल्ल स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्राओं ने सोमवार को सड़क जाम कर सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षकों की कमी के कारण उनकी बोर्ड की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उनका भविष्य मात्र दो शिक्षकों के सहारे टिका हुआ है। छात्राओं ने बताया कि नगला बल्ल जीजीआईसी में कक्षा 6 से लेकर 12 तक की छात्राओं को पढ़ाने के लिए पहले चार शिक्षक कार्यरत थे, जिनमें दो स्थायी और दो अटैचमेंट पर थे। 31 अक्तूबर को अपर मुख्य सचिव का एक आदेश विद्यालय पहुंचा, जिसके तहत अटैचमेंट पर तैनात शिक्षकों को रिलीव करने का निर्देश दिया गया। इस आदेश का पालन करते हुए अटैचमेंट पर कार्यरत अंग्रेजी की अध्यापिका तनवी गुप्ता और गणित की अध्यापिका मोनिका सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया। इनके जाने के बाद कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं की पढ़ाई के लिए अब मात्र दो स्थायी शिक्षक बचे हैं। अब उनकी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। छात्राओं ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे विद्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। छात्राओं ने सरकार पर पढ़ेंगी बेटियां, बढ़ेंगी बेटियां के नारे के विपरीत काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। शिक्षकों के बिना बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे होगी। सड़क पर करीब 30 मिनट तक जाम लगा रहा, जिससे यातायात बाधित हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य सरिता सिंह, अध्यापिका बबीता और कुछ राहगीरों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद छात्राएं वापस विद्यालय चली गईं। छात्राओं ने मांग की है कि शिक्षा विभाग जल्द से जल्द नए शिक्षकों की नियुक्ति करे ताकि उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके।