बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में जिले में आक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नहर कॉलोनी से शुरू हुआ आक्रोश मार्च पटेलनगर चौराहे तक पहुंचा, जहां सभा कर हिंदू समाज पर हो रहे हमलों, लूटपाट और धार्मिक उत्पीड़न का आरोप लगाया गया। प्रांतीय उपाध्यक्ष वीएचपी वीरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों को तोड़ा जा रहा है और मजदूर दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या से हिंदू समाज में भारी आक्रोश है। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली गई है। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाए तथा इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाए। सभा के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल पथरकटा चौराहे पहुंचे, जहां बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस और आतंकवाद का पुतला दहन किया गया। इस दौरान जमकर नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले नहीं रुके, तो आंदोलन को देशभर में और तेज किया जाएगा। इस मौके पर अखिल भारत हिंदू महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष रामगोपाल शुक्ला, जिला अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, डॉ. प्रमोद पांडे, स्वामी राम आसरे आर्य, सूरज शुक्ला, अनमोल शुक्ला, करण सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।