हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में सरकारी नाले से अतिक्रमण हटवाने पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल को दो महिलाओं ने पीटा। आरोप है कि महिलाओं ने चप्पलों से हमला कर उन्हें गांव से खदेड़ दिया और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने, नौकरी छिनवाने तथा जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रीय लेखपाल आकाश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार के थाना दिवस में सरकारी नाले पर कब्जे की शिकायत मिली थी। शिकायत के निस्तारण के लिए वह रविवार को बहलोलपुर गांव पहुंचे। आरोप है कि गांव की सुमन पटेल और प्रीती सिंह ने नाले पर कब्जा कर रखा था। जब उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की तो दोनों महिलाओं ने विरोध करते हुए चप्पलों से हमला कर दिया। किसी तरह वह वहां से निकले। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर दोनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।