धाता थाना क्षेत्र के देवरार गांव के पास स्थित अभय कोल्ड स्टोर में शुक्रवार रात करीब नौ बजे अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस की तेज दुर्गंध फैलते ही कोल्ड स्टोर में मौजूद कर्मियों में भगदड़ मच गई। पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। तब तक गैस की दुर्गंध करीब 500 मीटर तक फैल गई जिससे आसपास के गांवों के ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पाया जा सका। दमकल विभाग की विभाग ने बताया कि प्लांट में पाइप लीकेज होने से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। दुर्गंध महसूस होने पर ऑपरेटर ने मैनेजर सौरभ को सूचना दी। कोल्ड स्टोर में मौजूद करीब 70 से 80 कर्मियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। स्टोर की मैकेनिकल टीम ने टैंक का वाल्व बंद कर गैस के प्रवाह को रोकने की कोशिश की लेकिन पाइप में मौजूद गैस का रिसाव जारी रहा। सूचना पर खागा दमकल टीम और सीएफओ जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे। रात करीब 11 बजे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर प्लांट के अंदर फैली गैस को नियंत्रित किया। इस दौरान नायब तहसीलदार अशोक कुमार कुशवाहा, धाता पुलिस और कौशाम्बी की दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल और टेक्नीशियन लायक सिंह की मदद से करीब चार घंटे बाद गैस रिसाव पूरी तरह बंद कराया जा सका। सीएफओ जसबीर सिंह ने बताया कि पाइप लीकेज के कारण अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। इसे ठीक कर हालात सामान्य कर दिए गए हैं। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित हैं।