एटा-टूंडला मार्ग पर गदनपुर के संकरे पुल के ऊपर एक वाहन खराब हो जाने से बुधवार को भीषण जाम की स्थिति बन गई। दिन में करीब शाम 5 बजे से शुरू हुआ जाम रात 1:30 बजे तक लगा रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। जाम खुलवाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल और सड़क की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण आए दिन यहां जाम लगा रहता है। गदनपुर का यह संकरा पुल लंबे समय से परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर लगभग रोजाना हादसे होते हैं। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मार्ग के चाैड़ीकरण की मांग की है।