एटा के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव ललहट में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे फुटपाथ पर पैदल जा रही 14 वर्षीय अंजली पुत्री विश्राम सिंह की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अंजली का शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों ने एटा-अलीगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि फरार ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की घोषणा के लिए सक्षम अधिकारी को मौके पर बुलाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने चालक की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया तथा मुआवजे की मांग उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।