एटा के अलीगंज में आगामी यूपी बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल, नकलविहीन एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र में बनाए गए 30 परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जैथरा, राजा का रामपुर और अलीगंज स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर कक्षों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, प्रश्नपत्र सुरक्षा कक्ष, पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसडीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहे। प्रत्येक कक्ष में परीक्षार्थियों की समुचित दूरी सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।