बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला गांव में संचालित एक कथित फाइनेंस कंपनी पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब शनिवार को महिलाएं कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय बंद मिला। इसके बाद महिलाओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार सोनहुला गांव में किराए के मकान में समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड नामक संस्था का कार्यालय संचालित किया जा रहा था। संस्था के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की महिलाओं को 60 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता एवं बीमा लाभ दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए प्रत्येक महिला से 2950 रुपये जमा कराए गए। महिलाओं का आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया था कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें आर्थिक सहायता की राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। इसी विश्वास में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने रुपये जमा किए। लेकिन कुछ दिनों बाद जब महिलाएं जानकारी लेने कार्यालय पहुंचीं तो कार्यालय बंद मिला और संस्था से जुड़े लोग फरार पाए गए। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर जुट गईं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि संस्था ने योजनाबद्ध तरीके से लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की वसूली की है। महिलाओं ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।