यूथ स्पोर्ट्स उत्तर प्रदेश स्टेट चैंपियनशिप 2026 के तहत यूथ एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन खझरा गांव स्थित बाबा भोलेनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी मुकाबले में जूनियर वर्ग के रेफरी मदन राय के निर्देशन में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। इस दौरान सिकठा और कमहरिया के बीच खेले गए मुकाबले में सिकठा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कमहरिया को दो अंकों से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में धुस्का (जमानिया, गाजीपुर) और मोहम्मदाबाद के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। अंततः धुस्का टीम ने मोहम्मदाबाद को सात अंकों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। खेल प्रतियोगिता का संचालन उत्तर प्रदेश के सचिव ज्वाला प्रकाश सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर आधिकारिक टीम में अंकित, परमानंद यादव, दिलीप सिंह, राहुल राय, विकास सिंह, अमन यादव (मंटू) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के रेफरी के रूप में मंटू सिंह ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।