धीना थाना क्षेत्र के विरासराय गांव के पास गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण रविवार सुबह एक ट्रक पानी में डूब गई। चंपारण से आ रही ट्रक गंगा की बाढ़ के चलते सड़क पर फैले गहरे पानी में फंस गई और देखते ही देखते डूब गई। ट्रक को लगभग 36 घंटे बाद सोमवार शाम को निकाला जा सका। ट्रक को पोकलेन, क्रेन और जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रक को पानी से बाहर निकाला गया। पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। उन्होंने प्रशासन से संपर्क कर संसाधनों की व्यवस्था करवाई। धीना थाना प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि पूर्व विधायक की सूचना पर क्रेन की तत्काल व्यवस्था की गई थी, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते ट्रक को रविवार को नहीं निकाला जा सका। सोमवार को पुनः प्रयास किए गए और सफलता मिली। बलिया निवासी ट्रक मालिक शमशेर सिंह ने ट्रक बाहर निकलते ही धन्यवाद देते हुए कहा कि मेरे लाखों रुपये का नुकसान हो जाता।