कंदवा क्षेत्र के ओयरचक गांव में शनिवार की रात चोर मनरेगा पार्क में लगे तीन स्ट्रीट लाइट पोल सहित उखाड़ ले गए और पार्क में बैठने के लिए लगाए गए पत्थर के चार बेंच को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्राम प्रधान जयशंकर सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुट गई है। घटना से गांव के लोग हैरान हैं। गांव के पश्चिम तरफ स्थित कंपोजिट विद्यालय में मनरेगा योजना के तहत पार्क का निर्माण कराया गया है। इसमें रोशनी के लिए करीब 80 हजार रुपए की लागत से चार स्ट्रीट लाइट और पार्क में बैठने के लिए करीब 60 हजार रुपए की लागत से सीमेंट के नौ बेंच लगाए गए थे। शनिवार की देर रात चोर पार्क में लगे चार में से तीन स्ट्रीट लाइट पोल सहित उखाड़ ले गए। वहीं नौ बेंच में से चार को तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे ग्राम पंचायत को करीब 86 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान जयशंकर सिंह ने बताया कि चोरों ने पोल सहित तीन स्ट्रीट लाइट गायब करने के अलावा पत्थर के चार बेंच और पार्क का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। सुबह सूचना मिलने पर थाने में तहरीर दी गई है। वहीं प्रभारी निरीक्षक दयाराम गौतम ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।