राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद बृहस्पतिवार को सैयदराज के दुधारी गांव पहुंचे। उन्होंने विगत दिनों चोरी के दौरान पकड़े जाने पर चोरों द्वारा मोनू भारती की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान स्वामी प्रसाद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अपराध हद से ज्यादा बढ़ गए हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि अब यूपी से भाजपा सरकार की विदाई तय है। स्वामी प्रसाद ने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक के गरीब परिवार को सरकारी कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि परिजन इस कठिन समय में कुछ राहत पा सकें। उनकी मौजूदगी में स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर आक्रोश जताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।