विकास खंड चहनियां के टांडाकला क्षेत्र स्थित महमदपुर जमालपुर के निवासियों के लिए आवागमन की समस्या अब दूर हो गई है। ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल की पहल पर गांव में अत्यंत जर्जर हो चुकी खड़ंजा सड़क पर 150 मीटर इंटरलॉकिंग लगवाने का कार्य संपन्न कराया गया है। काफी समय से महमदपुर जमालपुर गांव के अंदर जाने वाली खड़ंजा सड़क उखड़कर बेहद खराब हालत में पहुंच गई थी, जिसके कारण ग्रामीणों को खासकर बरसात के मौसम में आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने इस संबंध में चहनियां ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल से मिलकर अपनी परेशानी बताई। ग्रामीणों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्लॉक प्रमुख ने तुरंत सड़क के निर्माण के लिए 150 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य स्वीकृत करवाया। इंटरलॉकिंग सड़क बनने से अब ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल गई।