ताराजीवनपुर। सकलडीहा विधानसभा के सपा विधायक प्रभुनारायण यादव ने विज्ञप्ति जारी कर सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि परीक्षा के पेपर लीक होना सीधे तौर पर सरकार की विफलता है। उन्होंने नीट और एसएससी जीडी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच कराने के साथ दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। सरकार के एजेंडे में वांट निकाल दो, परीक्षा घोषित कर दो, डेट भी डाल दो, फिर पेपर लीक कर दो। इससे आहत होकर नौजवान आंदोलन कर रहा है और लाठी खा रहा है लेकिन सरकार उनके खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है। साजिशकर्ताओ के खिलाफ कोई बुलडोजर नहीं चल रहा है। बच्चे सालों मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा के पेपर लीक कराने वाले गिरोहों पर लगाम लगाने में पूरी तरह फेल है। जांच के नाम पर लीपापोती होती है लेकिन असली मास्टरमाइंड बच जाते हैं। चेताया कि यदि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।