धीना। बरहनी विकासखंड के सिकठा गांव में पिछले एक सप्ताह से करीब 15 घरों की बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लगभग 15 घरों में पिछले सात दिनों से बिजली नहीं आ रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। रात में अंधेरे के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर भी अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार अमड़ा पावर हाउस के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में लालू राजभर, लक्ष्मण, शंकर, अंजू सिंह, पम्मी सिंह, लाल सिंह, बाबूलाल समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में अवर अभियंता घनश्याम प्रसाद ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा।