चहनियां क्षेत्र में संत शिरोमणि बाबा रविदास जी की प्रतिमा का विसर्जन सोमवार की शाम सोनहुला पोखरी में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। विसर्जन कार्यक्रम में सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर सहभागिता निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। क्षेत्र में संत रविदास जयंती पर दो दिनों तक मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर गाजे-बाजे के साथ पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जगह-जगह टेंट लगाकर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया। विसर्जन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में चहनियां के प्रधान धर्मेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की सक्रियता और पुलिस की सतर्कता के चलते कार्यक्रम में पूरी तरह शांति बनी रही। बलुआ एसओ अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। विसर्जन जुलूस में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। लोग नाचते-गाते सोनहुला तालाब पहुंचे, जहां प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।