मुहर्रम पर रविवार को चंदौली के दुलहीपुर में ताजिए के जुलूस में एक बुजुर्ग भूखे पेट लेटते हुए ढाई किलोमीटर की दूरी तय कर कर्बला पहुंचने का अद्वितीय कारनामा किया। बगही गांव निवासी 62 वर्षीय सिराजुद्दीन उर्फ राजू भाई की यह यात्रा बगही गांव से शुरू होकर मुहम्मदपुर होते हुए दुलहीपुर कर्बला तक पहुंची। पूरे रास्ते उन्होंने जमीन पर लेटते हुए और “या हुसैन” कहते हुए अकीदत से कदम बढ़ाए। रास्ते में कहीं कीचड़, कहीं गिट्टी तो कहीं गहरे गड्ढे थे, लेकिन उनके हौसले में कोई कमी नहीं आई।