हेतिमपुर ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ मंदिर के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने चंद्रप्रभा नदी के किनारे एक विशालकाय मगरमच्छ को देखा। मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लिया। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद जाल की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन वन कर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए किसी को भी पास नहीं आने दिया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित वाहन से चंद्रप्रभा बांध ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। मगरमच्छ को छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस रेस्क्यू अभियान में उप वन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे, वन दरोगा शिवबक्स सिंह, शंकर सहित कई वन कर्मी शामिल रहे। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बरसात और नदी के जलस्तर में बदलाव के कारण मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन्यजीव दिखने पर घबराएं नहीं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।