चंदाैली में विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंचता दिख रहा है। भूमि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले किसानों ने बृहस्पतिवार को ओयरचक गांव से पदयात्रा निकालकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। इससे पहले मां भवानी माता मंदिर परिसर में आयोजित पंचायत में किसानों ने एक स्वर में कहा कि बिना किसानों को विश्वास में लिए सर्वे और भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।