विकास खंड नीयमताबाद के करवत ग्राम पंचायत अंतर्गत डीबरीयापर गांव में मुख्य मार्ग पर बनी नाली का ढक्कन पिछले छह माह से टूटा पड़ा है। इस मार्ग से प्रतिदिन कुंडा खुर्द होते हुए रिंग रोड तक बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि खुले पड़े नाले के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रात के समय अंधेरा होने पर राहगीर नाली में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वहीं, टूटी नाली में कचरा फंसने से नाबदान का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है, जिससे गंदगी के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण जयप्रकाश यादव, अनुराग यादव, लालबहादुर पटेल, राजेश पटेल, आशुतोष पटेल और दुलारे ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्राम प्रधान पति विजय पटेल ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर नया ढक्कन लगवा दिया जाएगा। वहीं, नीयमताबाद के बीडीओ शाह आलम ने कहा कि ग्राम प्रधान को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।