नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने एक पुरानी कुएं में शव उतराया देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अतुल तिवारी (निवासी भद्री कला, थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़) के रूप में हुई है। वह नौगढ़ के चक्चोइंया स्थित रिलायंस कंपनी में इलेक्ट्रीशियन पद पर कार्यरत था और नौगढ़ में डॉ. सीडी सिंह के मकान पर किराए पर रहता था। शनिवार की रात से अतुल लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कंपनी से जुड़े ठेकेदार ने थाने में दर्ज कराई थी। मंगलवार की सुबह मकान के पास स्थित पुराने कुएं में शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना मौके पर सीओ नामेन्द्र कुमार और थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकाला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता लवकुश तिवारी दिल्ली में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। अतुल की शादी मात्र एक वर्ष पहले ही हुई थी और वह घर का इकलौता बेटा था। अतुल की एक बहन थी जिसकी शादी हो चुकी थी। सीओ नामेन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। नौगढ़ क्षेत्र में इस घटना से शोक और दहशत का माहौल है।