नगर क्षेत्र में फोरलेन सड़क के निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था द्वारा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण स्थानीय लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। सड़क पर, नालियों में और गलियों में जगह-जगह सरिया बिखेर दिया गया है। इनमें कई सरिया कटी हुई हैं तो कई लंबी अवस्था में पड़ी हैं, जो कभी भी राहगीरों, बच्चों या दोपहिया वाहन चालकों को गंभीर रूप से घायल कर सकती हैं। इसके बावजूद इन्हें हटाने या सुरक्षित ढंग से रखने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके साथ ही जहां नाले का निर्माण किया जा रहा है, वहां करीब एक किलोमीटर तक गड्ढा खोदकर सीवर लाइन पास कराई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे निर्माण क्षेत्र में न तो कहीं चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है। रात के समय अंधेरे में राहगीरों के लिए यह गड्ढा जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को इस लापरवाही से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, सरिया को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए और नाले के निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।