चंदौली जिले में मझगाई रेंज के बसौली गांव में शंकर बंधी में अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जलाशय में मगरमच्छ को देखते ही लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और तत्काल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शेरु यादव को सूचना दी। उन्होंने तुरंत वन विभाग को खबर दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा महेंदर चौहान, संजय चौहान और रोहित गुप्ता टीम के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर चन्द्रप्रभा बांध में छोड़ दिया। एसडीओ वरुण सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि गांव के छोटे बंधी में मगरमच्छ दिखाई दिया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया और चन्द्रप्रभा बांध में छोड़ा गया।