आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के तत्वावधान में "खेत बचाओ अभियान" के अंतर्गत उर्वरकों के संतुलित उपयोग विषय पर कृषक जागरूकता कार्यक्रम ग्राम अवही, विकास खंड धानापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह रघुवंशी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मृदा स्वास्थ्य को सुरक्षित और बेहतर बनाए रखने के लिए ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन, जैविक पदार्थों का प्रयोग तथा संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों को अपनाने से फसल उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ उत्पाद की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।